कुमाऊं विश्वविद्यालय के प्रो.अतुल जोशी अधिवर्षता आयु पूर्ण कर हुए सेवानिवृत्त

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय में अधिवर्षता आयु पूर्ण करने वाले शिक्षकों एवं कार्मिकों के सम्मान में आज सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के कॉमर्स संकाय के डीन एवं विभागाध्यक्ष तथा शिक्षा शास्त्र संकाय के डीन प्रो. अतुल जोशी, राजनीति विज्ञान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. मधुरेन्द्र कुमार, हिंदी विभाग की डॉ. सुभा मटियानी तथा डीएसबी परिसर की देवकी देवी को उनकी दीर्घकालीन सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रो. अतुल जोशी एवं देवकी देवी को शॉल ओढ़ाकर, प्रतीक चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए विश्वविद्यालय के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रो. अतुल जोशी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की टीम को वर्ष 2013 में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके अतिरिक्त उन्हें राजभाषा पुरस्कार भी प्राप्त हो चुका है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. रितेश साह ने कहा कि विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार अधिवर्षता आयु पूर्ण होने पर सेवानिवृत्त होना पड़ता है, लेकिन लंबे समय तक विश्वविद्यालय को दी गई सेवाओं और योगदान को सदैव याद किया जाएगा।
प्रो. संजय पंत ने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन से लेकर रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों तक डॉ. अतुल जोशी ने उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने उनके कार्यों और सामाजिक सरोकारों को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रो. ललित तिवारी ने प्रो. अतुल जोशी से जुड़े विभिन्न संस्मरण साझा किए और उनके साथ बिताए कार्यकाल की स्मृतियों को उपस्थित लोगों के साथ साझा किया।
अपने संबोधन में प्रो. अतुल जोशी ने विश्वविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें विश्वविद्यालय और समाज की सेवा करने का अवसर मिला, यह उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने सभी सहकर्मियों एवं विश्वविद्यालय परिवार का सहयोग और स्नेह प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया। समारोह में डॉ. सुरेश डालाकोटी, डॉ. मोहित सनवाल, डॉ. सावित्री कैरा, डॉ. महेंद्र राणा, अभिराम पंत, डॉ. चारु तिवारी, डॉ. दीपक आर्य एवं डॉ. गगन होती सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर वीरेन्द्र जोशी, नीरज साह, डॉ. मोहित रौतेला, दीपक बिष्ट, जगदीश, रमेश जोशी, ओम प्रकाश, नंदा बल्लभ पालीवाल सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


