नैनीताल में 26 सितंबर को रेड अलर्ट, कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

ख़बर शेयर करें


नैनीताल, 25 सितंबर 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद नैनीताल में 26 सितंबर 2026 (शनिवार) को रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई है।
मौसम की स्थिति को देखते हुए नदी-नालों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका को ध्यान में रखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत 26 सितंबर को जनपद नैनीताल के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 01 से 12 तक) तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित आवासीय शैक्षणिक संस्थानों एवं ऐसे विद्यालयों, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, पर यह आदेश लागू नहीं होगा।
साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में आवागमन से बचने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page