नैनीताल में लगातार दूसरे दिन नैनीझील से शव मिलने से सनसनी
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
उत्तराखण्ड के नैनीताल में नैनीझील से लगातार दूसरे दिन शव मिलने की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। शनिवार सुबह करीब 7:22 बजे एक राहगीर ने 112 पर सूचना दी कि मल्लीताल स्थित एन.सी.सी. ट्रेनिंग सेंटर और माँ मायना देवी मंदिर के पास झील में एक शव उतराता दिखाई दे रहा है।
सूचना मिलते ही मल्लीताल कोतवाली पुलिस एस.एस.आई. दिनेश जोशी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और शव को झील से बाहर निकाला। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से ₹4,000 नकद बरामद हुए।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान ऑल सेंट्स स्कूल में कार्यरत सफाई कर्मचारी, 48 वर्षीय महिंदर चौहान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि मौत हाल ही में डूबने के कारण हुई होगी। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शव को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बी.डी. पाण्डे अस्पताल भेज दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की।
बता दें कि इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी मल्लीताल के बड़ा बाजार निवासी मनीष साह का शव नैनीझील से बरामद हुआ था। लगातार दो दिनों में झील से दो शव मिलने की घटनाओं ने शहर में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है।


