नैनीताल बैंक की 104वीं वार्षिक आम बैठक का हुआ सफल आयोजन, बैंक के शुद्ध लाभ में 24.96% और परिचालन लाभ में 30.66% की हुई बढ़ोतरी

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से संध्या शर्मा की रिपोर्ट

द नैनीताल बैंक लिमिटेड की 104वीं वार्षिक आम बैठक का आयोजन 29 सितंबर को प्रधान कार्यालय मल्लीताल नैनीताल में किया गया। बैठक में बैंक के वित्त वर्ष 2025-26 के वित्तीय परिणामों एवं प्रमुख व्यावसायिक उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैंक ने वित्तीय वर्ष के दौरान व्यवसाय के प्रमुख मानकों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज करते हुए अपनी वित्तीय स्थिति को और सुदृढ़ किया है।

वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक का कुल व्यवसाय 6.75% की वृद्धि के साथ ₹14,118.02 करोड़ तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष ₹13,225.68 करोड़ था। बैंक की कुल जमा 4.46% की वृद्धि के साथ ₹8,623.67 करोड़ तथा सकल अग्रिम 10.55% की वृद्धि के साथ ₹5,494.35 करोड़ की हुई।

बैंक के CASA अनुपात में 40.48% का स्तर दर्ज किया गया। वहीं, रिटेल सेगमेंट में विशेष रूप से मजबूत प्रदर्शन करते हुए रिटेल अग्रिम में 22.65% की वृद्धि दर्ज की गई। परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। बैंक का सकल एनपीए घटकर 4.95% रह गया, जबकि शुद्ध एनपीए में भी उल्लेखनीय सुधार के साथ यह 0.27% के स्तर पर आ गया। बैंक का प्रावधान कवरेज अनुपात बढ़कर 94.01% हो गया, जो बैंक की मजबूत जोखिम प्रबंधन एवं प्रावधान नीति को दर्शाता है। वित्त वर्ष के दौरान बैंक की लाभप्रदता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ। बैंक के संचालन लाभ में 30.66% की प्रभावशाली वृद्धि दर्ज की गई और यह ₹116.33 करोड़ रहा। वहीं बैंक का शुद्ध लाभ 24.96% की वृद्धि के साथ ₹63.24 करोड़ हो गया। बैंक की नेटवर्थ में भी 26.86% की वृद्धि दर्ज की गई और यह बढ़कर ₹1,062.24 करोड़ हो गई।

इस अवसर पर बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार लाल ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 बैंक के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियों का वर्ष रहा है। बैंक ने व्यवसाय वृद्धि के साथ-साथ लाभप्रदता, परिसंपत्ति गुणवत्ता एवं पूंजी आधार को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रगति की है। उन्होंने कहा कि कुल व्यवसाय में 6.75%, सकल अग्रिम में 10.55% तथा रिटेल अग्रिम में 22.65% की वृद्धि बैंक की संतुलित एवं ग्राहक-केंद्रित व्यावसायिक रणनीति को दर्शाती है। साथ ही, सकल एवं शुद्ध एनपीए में कमी तथा PCR में सुधार बैंक की बेहतर परिसंपत्ति गुणवत्ता और मजबूत जोखिम प्रबंधन व्यवस्था को प्रतिबिंबित करता है।

वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बैंक ने डिजिटल बैंकिंग को सुदृढ़ करने की दिशा में भी अनेक महत्वपूर्ण पहलें कीं। बैंक द्वारा आधुनिक सुविधाओं से युक्त मोबाइल बैंकिंग एप्लिकेशन NAINI NEO का शुभारम्भ किया गया, जिसके माध्यम से ग्राहक फंड ट्रांसफर, बिल भुगतान, खाता विवरण, ई-प्रमाणपत्र, जमा रसीद डाउनलोड, UPI सेवाओं तथा अन्य बैंकिंग सुविधाओं का लाभ कहीं भी और कभी भी प्राप्त कर सकते हैं।बैंक ने व्यापारियों एवं ग्राहकों के लिए QR Code आधारित डिजिटल भुगतान सुविधा, साउंड बॉक्स, तथा मर्चेंट मैनेजमेंट एप जैसी सेवाएँ भी प्रारम्भ की हैं, जिससे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिला है और व्यापारियों के लिए लेनदेन अधिक सरल एवं सुविधाजनक हुआ है।

प्रबंध निदेशक ने कहा कि बैंक का फोकस आने वाले समय में गुणवत्तापूर्ण व्यवसाय वृद्धि, रिटेल एवं MSME क्षेत्र को बढ़ावा देने, CASA एवं रिटेल जमा आधार को मजबूत करने, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार तथा ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने पर रहेगा। उन्होंने कहा कि बैंक अपनी 104 वर्षों की गौरवशाली विरासत एवं ग्राहकों के विश्वास को आधार बनाकर आधुनिक बैंकिंग आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी सेवाओं को निरंतर सुदृढ़ करता रहेगा।

उन्होंने बैंक के ग्राहकों, शेयरधारकों, कर्मचारियों तथा सभी हितधारकों के निरंतर सहयोग एवं विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि बैंक भविष्य में भी सतत, जिम्मेदार एवं लाभदायक विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

इस अवसर पर बैंक के निदेशक मंडल के सदस्य, कार्यपालक निदेशक कुलदीप सिंह, मुख्य वित्तीय अधिकारी सुमंत चक्रवर्ती, मुख्य परिचालन अधिकारी अनिल कुमार, कंपनी सचिव विवेक साह सहित बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page