भूस्खलन रोकथाम और हरियाली बढ़ाने के लिए द बुल्स जिम ने चलाया वृक्षारोपण अभियान
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। पहाड़ों में बढ़ते भूस्खलन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को तल्लीताल के केंट क्षेत्र में द बुल्स जिम परिवार की ओर से वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के तहत जिम से जुड़े सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाना वर्तमान समय की आवश्यकता है। अधिक से अधिक पेड़ लगाने से पर्यावरण संतुलित रहेगा और भूमि कटाव व भूस्खलन जैसी समस्याओं को कम करने में भी मदद मिलेगी।
जिम परिवार ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही नैनीताल को अधिक हरित, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकता है।


