महोत्सव का उल्लासपूर्ण समापन, लोक संस्कृति की छटा से सजा नैनीताल
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। लेक सिटी वेलफेयर क्लब की ओर से आयोजित हरेला महोत्सव का रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक आयोजनों के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने दीप प्रज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में रेखा आर्या ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की प्रकृति, संस्कृति और लोक परंपराओं का प्रतीक पर्व है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने लेक सिटी वेलफेयर क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
समारोह के दौरान आयोजित कुमाऊंनी नृत्य प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। सब जूनियर वर्ग में ख्याना बिष्ट ने पहला, सनाया सारंग ने दूसरा और चित्रांशी मठपाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में हिमांशी प्रथम, दिवाकर द्वितीय और पारुल तृतीय रहे। वहीं सीनियर वर्ग में दुर्गांसा जैन ने प्रथम, धीरज ने द्वितीय तथा निहारिका ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, शांति मेहरा, भावना मेहरा, प्रधानाचार्य मनोज पांडे, आलोक साह, बिशन सिंह मेहता, लेक सिटी वेलफेयर क्लब की अध्यक्ष कविता त्रिपाठी, सचिव प्रगति जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्लब सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी कीर्ति और दीपा पांडे ने किया।


