तल्लीताल में दर्दनाक हादसा, 50 फीट गहरी खाई में गिरने से टैक्सी चालक की मौत
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में टैक्सी चालक की मौत हो गई। पार्किंग क्षेत्र के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से चालक करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को खाई से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी मनोज जैन (45 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि मनोज जैन पिछले कई वर्षों से नैनीताल में रहकर टैक्सी चलाने का काम कर रहे थे और तल्लीताल टैक्सी स्टैंड से जुड़े हुए थे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात मनोज ने शराब का सेवन किया हुआ था। देर रात वह कार्यालय से बाहर लघुशंका के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पार्किंग की सुरक्षा दीवार के पास से फिसलकर करीब 50 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर मनोज जैन को खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली पुलिस के अनुसार, परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश खाई में गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी।
मनोज जैन की मौत की खबर से तल्लीताल टैक्सी स्टैंड के चालकों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। साथी चालकों ने बताया कि मनोज लंबे समय से नैनीताल में टैक्सी चलाकर अपना जीवनयापन कर रहे थे।


