ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में यूपीसीएल अधिकारियों का दो दिवसीय एआई प्रशिक्षण संपन्न

ख़बर शेयर करें

भीमताल, 23 अक्टूबर। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर में उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के अधिकारियों के लिए आयोजित दो दिवसीय क्षमता विकास कार्यशाला शुक्रवार को संपन्न हुई। ‘प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, एआई टूल्स एंड एप्लीकेशंस’ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी कार्यप्रणाली में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग को बढ़ावा देकर प्रशासनिक दक्षता और डिजिटल कार्यक्षमता में सुधार करना था।

कार्यशाला के दूसरे दिन प्रो. मुकेश जोशी ने गूगल जेमिनी के माध्यम से सरकारी कार्यों को सरल बनाने, आधिकारिक दस्तावेज तैयार करने और रिपोर्ट का सारांश बनाने की जानकारी दी। प्रो. जितेंद्र कुमार चौधरी ने माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट के उपयोग से कार्यालयी कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के तरीके बताए। डॉ. जनमेजय पंत ने एआई की सहायता से प्रस्तुतियां, बैठक संबंधी संक्षिप्त विवरण और कार्यकारी सारांश तैयार करने का प्रशिक्षण दिया। वहीं, श्री अनुभव बेवरवाल ने एआई के जिम्मेदार उपयोग, डेटा गोपनीयता, नैतिकता और साइबर सुरक्षा पर प्रकाश डाला।

समापन समारोह में कंप्यूटर एप्लीकेशंस विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संदीप कुमार बुधानी ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले यूपीसीएल अधिकारियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। उन्होंने सरकारी कार्यों में एआई के प्रभावी उपयोग और डिजिटल तकनीकों के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यशाला के आयोजन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए एसोसिएट प्रोफेसर एवं सहायक डीन (ट्रेनिंग एंड प्रोजेक्ट्स) डॉ. श्याम एस. कापड़ी की सराहना की गई। कार्यशाला के सह-संयोजक प्रो. (डॉ.) संदीप कुमार बुधानी और श्री गोविंद जेठी के योगदान की भी प्रशंसा की गई।

विश्वविद्यालय की इस पहल का उद्देश्य सरकारी संस्थानों में एआई के जिम्मेदार उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा उत्तराखंड में डिजिटल प्रशासन को अधिक सक्षम और प्रभावी बनाने के लिए सहयोग को मजबूत करना है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page