नैनीताल में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी पर्व, रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का हुआ दहन

ख़बर शेयर करें



नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में विजयादशमी का पर्व धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर फ्लैट्स मैदान में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया। राम-रावण युद्ध देखने के लिए मैदान में 20 हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ी। पूरा मैदान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।


मंगलवार को शाम 5:30 बजे से फ्लैट्स मैदान में बने मुख्य मंच पर भजन-कीर्तन एवं भजन संध्या का आयोजन शुरू हुआ। रात आठ बजे श्रीराम सेवक सभा प्रांगण से श्रीराम की सेना बाजार होते हुए फ्लैट्स मैदान पहुंची। इसके बाद सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। तत्पश्चात अतिथियों ने भगवान श्रीराम की आरती की।
इसके बाद राम और रावण के बीच युद्ध का मंचन किया गया। जैसे ही भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया, पूरा फ्लैट्स मैदान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इसके पश्चात भव्य आतिशबाजी की गई और रावण, कुंभकरण तथा मेघनाथ के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयादशमी पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., दिव्यांशु मीणा, डीएसए महासचिव मनोज जोशी, तहसीलदार अक्षय भट्ट सहित श्रीराम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज शाह, महासचिव जगदीश बावड़ी, पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी मंटू, भुवन बिष्ट, मोहित लाल शाह, ललित शाह, देवेंद्र लाल शाह, कमलेश ढौंडियाल, हरीश राणा, राजेंद्र बजेठा, विमल चौधरी और आनंद बिष्ट समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन हेमंत बिष्ट एवं डॉ. ललित तिवारी ने किया। विजयादशमी के इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही और पूरे वातावरण में धार्मिक आस्था एवं उत्सव का माहौल देखने को मिला।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

You cannot copy content of this page