ज्योलीकोट में युवक ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल/ज्योलीकोट। ज्योलीकोट क्षेत्र में 19 वर्षीय युवक द्वारा फंदे से लटककर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ज्योलीकोट निवासी निखिल गंगवार मंगलवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई। आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने कमरे की जाली से देखा, जहां युवक पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ दिखाई दिया।
परिजनों ने तुरंत दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल लेकर गई, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
चौकी प्रभारी श्याम बोरा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


