ग्रुप कैप्टन मधु सेंगर ने किया समापन👉 आरोही चौधरी और अंकित खाती बने सर्वश्रेष्ठ कैडेट

नैनीताल, 26 अगस्त। 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी, नैनीताल द्वारा आयोजित मोस्ट एंटरप्राइजिंग नेवल यूनिट (मेनू) कैंप-2026 का बुधवार को एनसीसी बोट पूल, नैना देवी मंदिर के निकट सफलतापूर्वक समापन हुआ। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन मधु सेंगर ने समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और सभी नौकाओं को फ्लैग-इन कर दस दिवसीय सेलिंग अभियान के सफल समापन की घोषणा की।
कैम्प के अंतिम दिन कैडेट्स ने 17.5 किलोमीटर की सेलिंग पूरी की। इसके साथ ही दस दिनों में कैडेट्स द्वारा नैनी झील में कुल 252 किलोमीटर की सेलिंग पूरी की गई। लगातार चले इस सेलिंग अभियान में कैडेट्स ने साहस, अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व, सहनशक्ति और विपरीत परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में कैडेट्स को संबोधित करते हुए सैनिक स्कूल घोड़खाल की प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन मधु सेंगर ने कहा कि एकता का वास्तविक अर्थ अपने आसपास के प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करना है। किसी व्यक्ति को स्वयं को श्रेष्ठ और दूसरे को कम महत्वपूर्ण नहीं समझना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति की अपनी क्षमता, भूमिका और महत्व होता है तथा सभी के प्रति सम्मान और समानता की भावना ही सच्ची एकता का आधार है।
उन्होंने कहा कि “अनुशासन वह है जो आप तब करते हैं, जब आपको कोई देख नहीं रहा होता।” शिक्षक, माता-पिता या अधिकारी की उपस्थिति में नियमों का पालन करना अनुशासन का एक रूप है, लेकिन वास्तविक आत्म-अनुशासन तब दिखाई देता है जब व्यक्ति अकेला हो और फिर भी सही कार्य करे।
ग्रुप कैप्टन सेंगर ने कैडेट्स से कहा कि “जब आपके साथ केवल आपकी परछाईं हो, तब भी आप सही काम करें—यही सच्चा अनुशासन है।” उन्होंने कहा कि एकता और अनुशासन को केवल एनसीसी की वर्दी तक सीमित न रखें, बल्कि इन्हें अपने व्यवहार, पढ़ाई, व्यक्तिगत जीवन, कार्य और नागरिक दायित्वों का हिस्सा बनाएं।
उन्होंने कहा कि जरूरी नहीं कि एनसीसी की वर्दी पहनने वाला प्रत्येक कैडेट भविष्य में रक्षा सेवाओं को ही अपना करियर बनाए। देश सेवा केवल वर्दी पहनकर नहीं की जाती। एक शिक्षक शिक्षा के माध्यम से, डॉक्टर चिकित्सा सेवा के माध्यम से, वैज्ञानिक नई खोजों के माध्यम से और प्रशासनिक अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है।
उन्होंने कैडेट्स से आह्वान किया कि वे जिस भी क्षेत्र में जाएं, ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में किया गया प्रत्येक कार्य राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है।
कैम्प के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। डीएसबी परिसर की कैडेट आरोही चौधरी को सर्वश्रेष्ठ एसडब्ल्यू कैडेट तथा डीएसबी परिसर के कैडेट अंकित खाती को सर्वश्रेष्ठ एसडी कैडेट चुना गया।
एसडब्ल्यू वर्ग में रिगिंग का पुरस्कार डीएसबी की मानवी, बोट पुलिंग का पुरस्कार डीएसबी की मनीषा, फायरिंग का पुरस्कार डीएसबी की हर्षिता, मोस्ट स्पिरिटेड का पुरस्कार डीएसबी की कशिश, ड्रिल का पुरस्कार डीएसबी की रेखा, कल्चरल का पुरस्कार डीएसबी की जाह्नवी तथा सीमैनशिप का पुरस्कार डीएसबी की गीता को प्रदान किया गया।
इसी प्रकार एसडी वर्ग में रिगिंग का पुरस्कार बीएसएसवी के गौरव मेहरा, बोट पुलिंग का पुरस्कार बीएसएसवी के ललित जनोटी, फायरिंग का पुरस्कार बीएसएसवी के कुषाग्र, मोस्ट स्पिरिटेड का पुरस्कार पॉलीटेक्निक के चैतन जोशी, ड्रिल का पुरस्कार डीएसबी के सिद्धार्थ राणा, कल्चरल का पुरस्कार डीएसबी के रोहित नेगी तथा सीमैनशिप का पुरस्कार बीएसएसवी के मयंक को दिया गया।
17 से 26 अगस्त तक आयोजित इस दस दिवसीय कैम्प में 35 एसडी और 25 एसडब्ल्यू सहित कुल 60 कैडेट्स ने प्रतिभाग किया। कैम्प के दौरान सेलिंग एवं सीमैनशिप के अलावा रिगिंग, तैराकी, लाइफ सेविंग, फर्स्ट एड एवं सीपीआर, .22 राइफल फायरिंग, ऑब्स्टेकल प्रशिक्षण, माउंटेनियरिंग और साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।
कैडेट्स ने नैनी झील स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक के विरुद्ध जागरूकता, नुक्कड़ नाटक, पौधरोपण, ट्रेकिंग और हेरिटेज विजिट जैसी गतिविधियों में भी भाग लिया। इन गतिविधियों का उद्देश्य कैडेट्स को सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों से जोड़ना रहा।
कैप्टन मृदुल शाह ने कैडेट्स को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि कैम्प से अर्जित अनुशासन, नेतृत्व, साहस, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना उन्हें भविष्य में एक बेहतर नागरिक और जिम्मेदार पेशेवर बनने में मदद करेगी।कैम्प के दौरान कैडेट्स ने नैनी झील में लगातार सेलिंग करते हुए कुल 252 किलोमीटर की दूरी तय की, जो इस वर्ष के मेनू कैम्प की प्रमुख उपलब्धियों में रही।
समापन समारोह में कैप्टन मृदुल शाह, कमांडिंग ऑफिसर 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी; कमांडर राकेश रावत, एग्जीक्यूटिव ऑफिसर; प्रो. (लेफ्टिनेंट) रीतेश साह, एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर; चीफ इंस्ट्रक्टर अरविंद कुमार; पेटी ऑफिसर प्रशांत तोमर; चीफ पेटी ऑफिसर विक्रांत; अमर प्रधान; सनी कुमार; पेटी ऑफिसर दीपक कुमार; पेटी ऑफिसर अनूप कुमार; दिव्या यादव, गर्ल कैडेट इंस्ट्रक्टर; भगवत बिष्ट, रमेश तिवारी, दीप चंद्र जोशी, शिप मॉडल इंस्ट्रक्टर कमलेश जोशी; गणेश नयाल सहित पीआई स्टाफ, प्रशिक्षक एवं कैडेट्स उपस्थित रहे।


