ज्योलीकोट के गधेरे में नहाना पड़ा भारी, मेरठ और रुद्रपुर के 7 युवकों पर पुलिस का चालान

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल। मानसून के दौरान गधेरों और नदी-नालों में नहाना सात युवकों को महंगा पड़ गया। ज्योलीकोट क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने गधेरे में नहा रहे सात युवकों को पकड़कर उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की और भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की सख्त चेतावनी दी।

पुलिस के अनुसार, ज्योलीकोट क्षेत्र के गधेरों में पूर्व में डूबने की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान भी गई है। ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और लगातार लोगों से गधेरों व नदी-नालों से दूर रहने की अपील की जा रही है। इसके बावजूद कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालकर गहरे पानी में उतर रहे हैं।

रविवार को गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक गधेरे में नहा रहे हैं। सूचना मिलते ही ज्योलीकोट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवकों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने सात युवकों को पकड़ लिया।

ज्योलीकोट चौकी प्रभारी श्याम बोरा ने बताया कि बारिश के मौसम में गधेरों और नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे गंभीर हादसे होने की आशंका रहती है। उन्होंने बताया कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करने वाले मेरठ और रुद्रपुर निवासी सात युवकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के दौरान गधेरों, नदी-नालों और जलधाराओं से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page