तीनपानी बाईपास हादसे के बाद हरकत में पुलिस, एसएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

हल्द्वानी। तीनपानी बाईपास पुल पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सोमवार को दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गौरतलब है कि 11 जुलाई 2026 की रात लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (UK04U-7275) ने पुल के घुमाव पर स्कूटी को टक्कर मार दी थी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद एसपी क्राइम/यातायात और एसपी सिटी हल्द्वानी ने बेस चिकित्सालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था।

सोमवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुर्घटना स्थल की परिस्थितियों, दोनों वाहनों की दिशा, सड़क की स्थिति और अन्य तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अध्ययन किया।

एसएसपी ने कहा कि दुर्घटना के प्रत्येक पहलू की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यह हादसा सभी के लिए एक सीख है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना और सतर्कता बरतना ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है। साथ ही पुलिस भी यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन और सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाती रहेगी।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page