नैनीताल में पेपर लीक के विरोध में अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों और नागरिकों का प्रदर्शन, देखिये पूरी वीडियो
नैनीताल, 24 जुलाई। देशभर में सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में आज नैनीताल के बी.एम. साह ओपन थिएटर में अधिवक्ताओं, शहर के वरिष्ठ गणमान्य नागरिकों, स्थानीय लोगों एवं विद्यार्थियों ने धरना-प्रदर्शन किया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के बाद प्रतिभागियों ने मल्लीताल से तल्लीताल तक रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। रैली के दौरान युवाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की मांग की।
प्रदर्शन में अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और एक स्वर में कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


