लापरवाही पर डीएम की सख्ती, तत्कालीन जिला सहायक निबंधक के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल। शासकीय कार्यों में लापरवाही और बिना पूर्व अनुमति अवकाश लेने के मामले में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने तत्कालीन जिला सहायक निबंधक दान सिंह नपलच्याल के विरुद्ध उनकी सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज किए जाने की संस्तुति शासन को भेज दी है।

जिलाधिकारी को प्राप्त शिकायतों और निरीक्षण रिपोर्ट में पाया गया कि संबंधित अधिकारी ने अपने कार्यकाल के दौरान कार्यालयीन कार्यों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन नहीं किया। इसके अलावा, उन्होंने सक्षम अधिकारी की अनुमति प्राप्त किए बिना अवकाश लिया, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए।

मामले में जिलाधिकारी द्वारा स्पष्टीकरण मांगे जाने पर अधिकारी ने बिना अनुमति अवकाश लेने की बात स्वीकार की। उन्होंने जिला सहकारी बैंक नैनीताल में सदस्य-सचिव/प्रशासक का अतिरिक्त प्रभार होने का हवाला दिया, लेकिन जनपद में विशिष्ट अतिथियों के भ्रमण के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में अनुपस्थित रहने का कोई संतोषजनक कारण प्रस्तुत नहीं कर सके।

जिलाधिकारी ने इस कृत्य को सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-2002 के नियम 3(1) एवं 3(2) का उल्लंघन मानते हुए इसे शासकीय दायित्वों के प्रति उदासीनता और अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना। इसी आधार पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने की संस्तुति शासन को भेजी गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा बिना अनुमति अनुपस्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जनहित से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और जिम्मेदारीपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page