अल्मोड़ा में दिल दहला देने वाली वारदात: आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की गला रेतकर हत्या, दो महिलाएं गंभीर

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

अल्मोड़ा। जिले के रानीखेत तहसील के द्वाराहाट ब्लॉक स्थित ऐना गांव में शुक्रवार शाम दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बुआ के घर रहकर अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। युवक को बचाने पहुंचीं उसकी बुआ और दादी पर भी हमलावर ने जानलेवा हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


मिली जानकारी के अनुसार मेरठ निवासी 19 वर्षीय सागर सिंह अपनी बुआ जानकी देवी के घर ऐना गांव में रहकर रानीखेत में प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे गांव निवासी जगत सिंह बोहरा कथित तौर पर घर में घुस आया। उस समय सागर घर पर अकेला था। आरोप है कि आरोपी ने धारदार हथियार से सागर का गला रेत दिया और उसके सिर पर हथौड़े से कई वार किए।
सागर की चीख-पुकार सुनकर उसकी बुआ जानकी देवी (45) और दादी शोभा देवी मौके पर पहुंचीं। दोनों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपी ने जानकी देवी के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया, जबकि शोभा देवी का भी धारदार हथियार से गला रेत दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को तत्काल नागरिक अस्पताल रानीखेत पहुंचाया। चिकित्सकों ने सागर सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शोभा देवी को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया। जानकी देवी का भी इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया था। स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि वह बाद में घायलों की जानकारी लेने अस्पताल भी पहुंचा।
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। देर रात होश में आने पर जानकी देवी ने पुलिस को दिए बयान में जगत सिंह बोहरा का नाम लिया। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में एक अन्य व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है, जिसकी जांच की जा रही है।
इसी बीच जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। जानकी देवी का छोटा बेटा 6 जुलाई को कथित रूप से गुलदार के हमले में घायल हुई महिला बबीता की देखभाल के लिए हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल गया हुआ था। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वह घटना वास्तव में गुलदार का हमला थी या उसके पीछे कोई और साजिश थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच में जुटी है।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page