धाम में नशे में धुत युवकों का तांडव, तीन वाहनों को मारी टक्कर, महिला गंभीर घायल

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल। नैनीताल जिले के कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात लखनऊ से घूमने आए पांच युवकों ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने पहले दो होम-स्टे संचालकों के साथ मारपीट की और पुलिस से बचने के लिए तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो दौड़ा दी। इस दौरान उनकी गाड़ी ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें एक ऑल्टो कार में सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।


जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी पांच युवक स्कॉर्पियो (UP 32 RK 0095) से नैनीताल और कैंची धाम घूमने आए थे। किसी बात को लेकर उनका एक होम-स्टे संचालक से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। वहां से निकलने के बाद उन्होंने एक अन्य होम-स्टे संचालक से भी विवाद कर हंगामा शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी स्कॉर्पियो लेकर भवाली की ओर भाग निकले। इस दौरान पुलिस ने एक युवक को मौके से पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने सभी निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर दी।
भवाली मार्ग पर नाकेबंदी देखकर आरोपी घबरा गए और स्कॉर्पियो को वापस कैंची धाम बाजार की ओर मोड़ दिया। तेज रफ्तार के दौरान उन्होंने तीन वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक ऑल्टो कार में सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। लगातार टक्करों के कारण आरोपियों की स्कॉर्पियो भी क्षतिग्रस्त होकर बीच सड़क में बंद हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने चारों ओर से घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी युवक शराब के नशे में थे।
भवाली कोतवाल ने बताया कि स्कॉर्पियो को सीज कर दिया गया है। सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page