घर में घुसकर महिला पर हमला करने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। तल्लीताल कोतवाली क्षेत्र के डोलमार गांव में एक महिला ने हल्द्वानी की रहने वाली युवती पर घर में घुसकर मारपीट करने और सिर पर ईंट से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में घायल महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता हेमा जीना के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11:50 बजे एक युवती उसके देवर के साथ उनके घर पहुंची। बताया गया कि युवती ने परिवार के साथ रहने की इच्छा जताई, लेकिन परिजनों ने बिना विवाह साथ रहने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान युवती ने पास में पड़ी ईंट उठाकर हेमा जीना के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी युवती मौके से चली गई। परिजन घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
तल्लीताल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


