चार्टन लॉज हादसे के बाद उठे सवाल: बिना फिटनेस चल रहे पालिका वाहन पर कार्रवाई की मांग
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। बीडी पांडे जिला अस्पताल के पीछे चार्टन लॉज क्षेत्र में नगर पालिका के कूड़ा वाहन के अनियंत्रित होकर पीछे लुढ़कने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों ने बिना फिटनेस वाले वाहनों पर तत्काल कार्रवाई करने के साथ अस्पताल मार्ग पर टैक्सी वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग उठाई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम नगर पालिका का कूड़ा वाहन (यूके 04 सीबी 5201) आवागढ़ क्षेत्र में कूड़ा संग्रहण के लिए जा रहा था। चढ़ाई के दौरान वाहन अचानक पीछे की ओर लुढ़क गया और सड़क किनारे खड़ी एक कार से टकरा गया। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पालिका वाहन की फिटनेस वर्ष 2021 में ही समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद उसे सड़कों पर संचालित किया जा रहा है। लोगों ने परिवहन विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नियमों का पालन आम लोगों से कराया जाता है, लेकिन सरकारी वाहनों के मामले में लापरवाही बरती जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि अस्पताल मार्ग को केवल स्थानीय निवासियों और एंबुलेंस सहित आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए आरक्षित किया जाए। साथ ही सड़क किनारे अवैध पार्किंग हटाने और टैक्सी वाहनों के संचालन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
कोतवाली प्रभारी राजेंद्र रावत ने बताया कि अस्पताल मार्ग पर अवैध रूप से खड़े टैक्सी वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी समाधान जरूरी है।


