युगमंच के 25वें होली महोत्सव के रजत जयंती कार्यक्रमों की तैयारी

ख़बर शेयर करें

होली महोत्सव आयोजन के क्रम में युगमंच और सहयोगी संस्थाओं ने मिलकर छह दिवसीय कार्यक्रम 24 से 29 मार्च को अंतिम रूप दे दिया है। इस वर्ष रजत जयंती के रूप में मनाया जायेगा।

25 वें होली महोत्सव यानी होली महोत्सव की रजत जयंती को कोरोना काल की इस आपदा के मद्देनजर अपेक्षाकृत सामान्य रूप से ही आयोजित किया जा रहा है। आने वाले वर्षों में इसे भव्य रूप दिया जाएगा।

कार्यक्रम इस प्रकार होंगे –
उद्घाटन दिवस 24 मार्च को पूर्व वर्षों की भांति दिन में डेढ़ बजे से नैना देवी मंदिर में खड़ी होली का आयोजन होगा जिसमें श्री देवेंद्र ओली के नेतृत्व में खेतीखान से आया खड़ी होली के होल्यारों का 40 सदस्य दल भागीदारी करेगा। तत्पश्चात होली जुलूस का कार्यक्रम होगा। इसी दिन दोपहर साढ़े तीन बजे से रामलीला मंच मल्लीताल में मुख्य अतिथियों द्वारा होली के रंग उड़ा कर होली महोत्सव 2021 का उद्घाटन किया जाएगा।
रामलीला मंच मल्लीताल में, खड़ी होली, महिला होली आदि रंगारंग कार्यक्रम होंगे। उद्घाटन समारोह में खड़ी होली के होल्यार देवेंद्र ओली और खेतीखान के गोपाल सिंह मनराल, तथा महिला होली के लिए नैनीताल की श्रीमती रजनी चौधरी को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान श्रीमती डिम्पल जोशी व कु० सीमा द्वारा एकल होली गायन प्रस्तुत किया जायेगा एवम युवा व बाल होल्यार भी अपनी प्रस्तुति देंगे।

26 मार्च को बाहर से आने वाले उत्तराखंड के दिग्गज होल्यारों की मुख्य बड़ी होली बैठक शारदा संघ भवन में शायं 5 बजे से आयोजित होगी। जिसमें अल्मोड़ा, रानीखेत, हल्द्वानी, रामनगर आदि स्थानों से आमंत्रित एवम दिग्गज स्थानीय होल्यार बैठ होली के रंग बिखेरेंगे। बैठ होली के इस कार्यक्रम में गायकी के साथ ही रानीखेत के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित होल्यार ललित मोहन मास्साब को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। शारदा संघ व युगमंच द्वारा शिक्षाविद व होली के लिए जीवन पर्यंत योगदान देने वाले वरिष्ठ होल्यार नवीन चंद्र शाह को भी सम्मानित किया जाएगा।

27 मार्च को नैनीताल समाचार में बैठ होली और सम्मान समारोह का आयोजन दिन में 12 बजे से होगा। इस वर्ष नैनीताल समाचार द्वारा वरिष्ठ होल्यार अतुल शाह को होली गायकी में उनके अतुलनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

28 मार्च को होलिका दहन कार्यक्रम होगा। छलड़ी के दिन 29 मार्च को शारदा संघ से आशीष जुलूस निकाला जाएगा।

25वें होली महोत्सव के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने वाली इस मीटिंग में राजीव लोचन साह, घनश्याम लाल शाह, चंद्र लाल शाह, डा० देवेंद्र बिष्ट, राजा साह सखा जी, नवीन बेगाना, भास्कर बिष्ट, मनोज कुमार, जितेंद्र बिष्ट, डॉ अशोक कुमार, दीपक सहदेव, डीके शर्मा, श्रीमती मंजू रौतेला, अरुण रौतेला, मोहन चंद्र जोशी, विनीता यशस्वी, डा० हिमांशु पाण्डे सहित शारदा संघ, नैनीताल समाचार, नैना देवी ट्रस्ट के प्रतिनिधि मौजूद थे। सभा का संचालन युग मंच अध्यक्ष जहूर आलम द्वारा किया गया

You cannot copy content of this page