नैनीताल में ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव की तैयारियां शुरू, 16 सितंबर से होगा भव्य आयोजन

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल। उत्तराखंड की लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव-2026 का आयोजन इस वर्ष 16 सितंबर से शुरू होगा। आयोजन को लेकर रविवार को श्री राम सेवक सभा भवन में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें महोत्सव की रूपरेखा, तिथियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में तय किया गया कि 16 सितंबर को पंचमी तिथि के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। 19 सितंबर को भाद्रपद अष्टमी के अवसर पर ब्रह्ममुहूर्त में मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी, जबकि 23 सितंबर को पारंपरिक डोला नगर भ्रमण निकाला जाएगा। महोत्सव के दौरान कन्या पूजन, हवन, महाभंडारा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव के सफल संचालन के लिए 23 उपसमितियों का गठन किया गया है। आयोजन समिति ने प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका, डीएसए और अन्य विभागों के सहयोग से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। साथ ही शहर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं से भी सुझाव और सहयोग लिया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस वर्ष श्री रामलीला महोत्सव 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। समिति ने सभी नगरवासियों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि नैनीताल में श्री नंदा देवी महोत्सव की शुरुआत वर्ष 1903 में स्वर्गीय मोतीराम साह ने की थी। वर्ष 1926 से श्री राम सेवक सभा इस ऐतिहासिक परंपरा का निरंतर निर्वहन कर रही है। बैठक की अध्यक्षता मनोज साह ने तथा संचालन जगदीश बवाड़ी ने किया। बैठक में सभा के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page