हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा: बेकाबू स्कॉर्पियो की टक्कर से चार युवकों की मौत, दो हिरासत में

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी में शनिवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके पहिए तक निकल गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने राहुल राजपूत (17), शिवम (25) और अंशुल आर्य (20) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य टम्टा (18) को आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान राहुल राजपूत पुत्र किशन पाल निवासी हाथीखाल (गोरापड़ाव), शिवम पुत्र बाबूराम निवासी गोरापड़ाव, अंशुल आर्य पुत्र पंकज आर्य निवासी बेरीपड़ाव तथा आदित्य टम्टा निवासी गोरापड़ाव के रूप में हुई है।

एक ही हादसे में चार युवकों की मौत से गोरापड़ाव और बेरीपड़ाव क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो अत्यधिक तेज रफ्तार में थी। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके पहिए तक निकल गए।

हादसे के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page