नैनीताल में होम-स्टे और गेस्ट हाउसों पर प्रशासन की सख्ती, तीन इकाइयों पर ₹10-10 हजार का जुर्माना

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल। पर्यटन व्यवस्था को सुरक्षित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने होम स्टे और गेस्ट हाउसों के निरीक्षण अभियान में तेजी ला दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न होम स्टे एवं गेस्ट हाउसों का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान कुल छह इकाइयों का सत्यापन किया गया। जांच में एक गेस्ट हाउस में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उसे नोटिस जारी किया गया, जबकि तीन अन्य इकाइयों पर पर्यटन विभाग की नियमावली का पालन न करने के कारण प्रति इकाई ₹10,000 का जुर्माना लगाया गया। दो इकाइयां निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होती मिलीं।
निरीक्षण के दौरान इन्जा गेस्ट हाउस को नोटिस जारी किया गया। वहीं जी.पी. गेस्ट हाउस, लेक थैरेपी होम स्टे और सूर्या हॉलिडे होम पर ₹10-10 हजार का अर्थदंड लगाया गया। ग्वान होम स्टे और एल्फिन गेस्ट हाउस सभी मानकों पर खरे उतरे।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में संचालित सभी होम स्टे एवं गेस्ट हाउसों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन विभाग की नियमावली का उल्लंघन करने वाली किसी भी इकाई के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page