धूपकोठी में भू-धंसाव से बढ़ी चिंता, बारिश के बीच सड़क और मकानों पर खतरे के बादल

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल। मल्लीताल के धूपकोठी क्षेत्र में पिछले वर्ष हुई भारी बारिश के दौरान सड़क के नीचे हुए भू-धंसाव का खतरा अब भी बरकरार है। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही क्षेत्रवासियों की चिंताएं फिर गहरा गई हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा कार्य नहीं कराया गया तो सड़क के साथ-साथ आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले वर्ष भू-धंसाव की घटना के बाद क्षेत्र की सभासद लता दफौटी ने मौके का निरीक्षण कर जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। हालांकि, एक वर्ष बीत जाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो सका है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात अभी शुरुआती दौर में है और लगातार हो रही बारिश के कारण खतरा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में किसी अप्रिय घटना से पहले सुरक्षा कार्य कराया जाना बेहद जरूरी है।

सभासद लता दफौटी ने बताया कि इस संबंध में प्रशासन के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है। उन्होंने कहा कि उपजिलाधिकारी से भी इस मुद्दे पर वार्ता हुई है। एसडीएम ने नगर पालिका के जूनियर इंजीनियर (जेई) को स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों का स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। स्टीमेट प्राप्त होते ही सुरक्षा कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि सड़क और आसपास के मकानों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page