राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के छह वर्ष पूर्ण होने पर डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित

ख़बर शेयर करें

गुरुड़ाबाँज (अल्मोड़ा), 12 अगस्त 2026। राजकीय महाविद्यालय गुरुड़ाबाँज, अल्मोड़ा में अखिल भारतीय शिक्षा समागम के अंतर्गत राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रणिता नन्द के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, डिजिटल कौशल एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा की भूमिका को रचनात्मक माध्यम से प्रस्तुत करना था।

प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार के अवसर, तकनीकी शिक्षा, भारतीय ज्ञान परंपरा एवं विकसित भारत@2047 जैसे विषयों पर आकर्षक और विषयपरक डिजिटल पोस्टर तैयार किए। विद्यार्थियों ने अपनी मौलिक सोच एवं रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से शिक्षा के बदलते स्वरूप और भविष्य की संभावनाओं को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया।

निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के आधार पर कुमारी स्वाति आर्या, बी.ए. प्रथम सेमेस्टर ने प्रथम, कुमारी मनीषा शाह ने द्वितीय तथा कुमारी मानसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर श्री देवेंद्र कुमार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों के साथ विचार साझा किए। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संयोजन डॉ. गगनप्रीत सिंह तथा सहसंयोजन सुनील कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने एवं विद्यार्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करने में अनीता नेगी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों और विकसित भारत@2047 की संकल्पना को समझने एवं आत्मसात करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page