हल्द्वानी: शराब के नशे में चालक का कहर, चार राहगीरों को मारी टक्कर, महिला गंभीर

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

हल्द्वानी में रविवार रात तेज रफ्तार और कथित रूप से शराब के नशे में कार चला रहे एक युवक ने शहर में अलग-अलग स्थानों पर चार राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि तीन अन्य लोग भी चोटिल हुए। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार को सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे मुखानी निवासी पंकज ऊंचापुल से कालाढूंगी रोड की ओर कार चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मुखानी और कालाढूंगी चौराहे के बीच उसने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह बिना रुके मौके से फरार हो गया।
इसके बाद जेल रोड स्थित कालू सिद्ध बाबा मंदिर के पास चालक ने पीछे से एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला कई फीट दूर जा गिरी और बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
महिला को टक्कर मारने के कुछ ही देर बाद चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन बिजली के खंभे से जा टकराया। कार रुकते ही आसपास मौजूद लोगों ने चालक को बाहर निकालकर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को भीड़ से बचाया और हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। दुर्घटनाग्रस्त कार को सीज कर दिया गया है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page