राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में ‘Envisioning Education @2047’ विषय पर एक दिवसीय “डिजिटल पोस्टर मेकिंग” कार्यशाला आयोजित
राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत, अल्मोड़ा में ‘Envisioning Education @2047’ विषय पर एक दिवसीय “डिजिटल पोस्टर मेकिंग कार्यशाला एवं डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप डिजिटल एवं रचनात्मक कौशल से परिचित कराना तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत की शैक्षिक परिकल्पना से जोड़ना था।
कार्यशाला में डॉ. लक्ष्मी मनराल द्वारा छात्र-छात्राओं को डिजिटल पोस्टर निर्माण की विभिन्न तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को पोस्टर के लिए विषय चयन, प्रभावी लेआउट, रंग संयोजन, फॉन्ट एवं टाइपोग्राफी, चित्रों एवं आइकन के प्रयोग तथा डिजिटल टूल्स की सहायता से आकर्षक एवं प्रभावशाली पोस्टर तैयार करने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके पश्चात विद्यार्थियों के लिए डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एल. पी. वर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। उन्होंने विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच, तकनीकी कौशल एवं नवाचार को अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा 2047 के विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रकाश चंद्र जांगी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।


