साह-चौधरी समाज, नैनीताल द्वारा पवित्र श्रावण (सावन) मास के शुभ अवसर पर 4 अगस्त को भव्य भजन-कीर्तन कार्यक्रम का होगा आयोजन
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
साह-चौधरी समाज, नैनीताल द्वारा पवित्र श्रावण (सावन) मास के शुभ अवसर पर भगवान भोलेनाथ की आराधना एवं सामाजिक समरसता को समर्पित एक भव्य भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन 04 अगस्त 2026 (मंगलवार) को दोपहर 02:00 बजे श्री राम सेवक सभा, नैनीताल में किया जाएगा।
समाज के अध्यक्ष एवं सचिव ने समस्त समाजबंधुओं, मातृशक्ति एवं युवा साथियों से अधिकाधिक संख्या में अपने परिवार सहित कार्यक्रम में सहभागिता करने का आग्रह किया है। कार्यक्रम में भगवान शिव के भजनों, सामूहिक आराधना एवं आध्यात्मिक वातावरण के माध्यम से श्रावण मास की महिमा का गुणगान किया जाएगा। साथ ही समाज में आपसी भाईचारा, धार्मिक आस्था एवं सामाजिक एकता को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश भी दिया जाएगा।
साह-चौधरी समाज, नैनीताल के मीडिया प्रभारी मोहित लाल साह ने बताया कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
समाज की ओर से सभी श्रद्धालुओं एवं सम्मानित नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा आयोजन की गरिमा बढ़ाएं।


