पत्रकारिता विभाग का स्टूडियो व लैब कैंपस से बाहर बनाने के प्रस्ताव का छात्रों ने किया विरोध

ख़बर शेयर करें

नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित पत्रकारिता एवं जनसंपर्क विभाग का स्टूडियो और डिजिटल लैब परिसर से बाहर स्थापित किए जाने की संभावनाओं को लेकर विद्यार्थियों ने कड़ा विरोध जताया है। छात्र आशीष कबडवाल के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर विभाग, स्टूडियो और लैब को डीएसबी परिसर में ही बनाए रखने की मांग की।
विद्यार्थियों का आरोप है कि पत्रकारिता विभाग के स्टूडियो और डिजिटल लैब को डीएसबी परिसर से बाहर किसी अन्य स्थान अथवा प्रशासनिक भवन के आसपास स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि इसके लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर टेंडर भी जारी किया गया है।
ज्ञापन में छात्रों ने कहा कि पत्रकारिता पाठ्यक्रम की व्यावहारिक शिक्षा के लिए डीएसबी परिसर सबसे उपयुक्त स्थान है। परिसर में होने वाली शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों की कवरेज, रिकॉर्डिंग और संपादन का कार्य स्टूडियो और लैब के माध्यम से प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। ऐसे में विभाग और उससे जुड़ी सभी सुविधाएं परिसर में ही रहनी चाहिए।
छात्रों ने यह भी कहा कि फीस काउंटर, निदेशक, प्रॉक्टर और डीन स्टूडेंट वेलफेयर सहित विश्वविद्यालय के कई महत्वपूर्ण कार्यालय डीएसबी परिसर में ही स्थित हैं, जहां विद्यार्थियों को नियमित रूप से आना-जाना पड़ता है। इसलिए विभाग का स्टूडियो और लैब भी यहीं होना अधिक सुविधाजनक और व्यावहारिक है।
छात्र नेता आशीष कबडवाल ने कहा कि पत्रकारिता विभाग की लैब और स्टूडियो को परिसर से बाहर स्थापित करने का कोई औचित्य नहीं है और छात्र इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि कुलपति ने आश्वासन दिया है कि पत्रकारिता विभाग को डीएसबी परिसर से बाहर स्थानांतरित नहीं किया जाएगा तथा स्टूडियो और लैब भी विभाग के समीप परिसर में ही स्थापित किए जाएंगे।
कबडवाल ने चेतावनी दी कि यदि आश्वासन के बावजूद विभाग को परिसर से बाहर शिफ्ट किया गया या स्टूडियो और लैब किसी अन्य स्थान पर बनाए गए, तो छात्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे

ADVERTISEMENTS Ad

You cannot copy content of this page