वायरल वीडियो बना सबूत, एक बाइक पर पांच सवारों का ₹8,500 का चालान
नैनीताल से अंकिता मेहरा की रिपोर्ट
नैनीताल। नैनीताल में यातायात नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। राजभवन रोड पर एक बाइक पर पांच लोगों के सवार होकर चलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन स्वामी का ₹8,500 का चालान किया।
जानकारी के अनुसार, यूके-04 वी-9080 नंबर की बाइक पर क्षमता से अधिक लोग सवार होकर राजभवन रोड से गुजर रहे थे। यह न केवल मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन था, बल्कि सड़क पर चल रहे सभी लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर रहा था। पीछे चल रहे राहगीरों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच में बाइक के स्वामी की पहचान अल्मोड़ा निवासी मयंक नारायण के रूप में हुई। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत उनके खिलाफ ₹8,500 का चालान किया गया।
कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे मामलों पर भी पुलिस लगातार नजर रख रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, ओवरलोडिंग से बचें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।


